जालौन – जालौन जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और लोकेशन माफियाओं के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जालौन पुलिस, परिवहन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना आटा क्षेत्र के अंतर्गत चेकिंग के दौरान अमल में लाई गई।
पुलिस ने मौके से अवैध मौरंग से लदे 3 ट्रक, एक पल्सर मोटरसाइकिल और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कालपी निवासी कामरान, अफजल, सरफराज उर्फ मुन्ना और कानपुर देहात निवासी सुभाष व मनोज कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी न केवल ओवरलोडिंग में शामिल थे, बल्कि लोकेशन माफिया के तौर पर भी सक्रिय थे। सभी अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं समेत सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं के सिंडिकेट में हड़कंप मचा हुआ है।









