रूरा पुलिस ने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, छह गिरफ्तार

कानपुर देहात के थाना रूरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने गिरोह के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के पीली और सफेद धातु के आभूषण, 97 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस और दो आला नकब बरामद हुए हैं। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार भी बरामद की गई, जिस पर कूट रचित नंबर प्लेट लगी थी। वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रूरा, कठारा, अकबरपुर, मूसानगर, भोगनीपुर, बरौर, संदलपुर और मंगलपुर क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। आरोपी पहले रेकी करते थे और रात में सुनसान मकानों को निशाना बनाकर ताले और अलमारियां तोड़कर नकदी व जेवरात चोरी करते थे।
पुलिस के अनुसार, चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों को अभयराज उर्फ अमन सोनी नामक व्यक्ति के माध्यम से गलाकर बेचने का काम किया जाता था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 66 हजार रुपये नकद और सफेद धातु की एक जोड़ी तोड़िया बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद अली उर्फ छोटे अली, अरमान उर्फ अदनान, अनुज यादव, आजाद उर्फ रजोल, अमन अली और अभयराज उर्फ अमन सोनी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें