कानपुर देहात। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में परिवहन कार्यालयों को दलाल-मुक्त, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाए जाने के उद्देश्य से सम्भागीय परिवहन अधिकारी, प्रयागराज हिमेश तिवारी द्वारा उप सम्भागीय परिवहन कार्यालय, कानपुर देहात का बिना पूर्व सूचना के आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय में स्थापित सीसीटीवी व्यवस्था, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आउटसोर्सिंग कार्मिकों की उपस्थिति, ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया तथा कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास अनधिकृत व्यक्तियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यालय में उपस्थित आवेदकों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उन्हें प्राप्त सेवाओं एवं कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी भी ली गई।
निरीक्षण में कार्यालय की समग्र कार्यप्रणाली संतोषजनक पाई गई। सभी कर्मचारी अपने-अपने पटल पर निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए मिले तथा ड्राइविंग टेस्ट निर्धारित ट्रैक पर सुचारु रूप से संचालित पाया गया। आवेदकों द्वारा किसी बिचौलिए के माध्यम से कार्य कराए जाने, निर्धारित शासकीय शुल्क से अधिक धनराशि की मांग किए जाने अथवा कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने संबंधी कोई शिकायत नहीं की गई। साथ ही कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास दलाल अथवा बिचौलिया प्रवृत्ति के व्यक्तियों का कोई जमावड़ा भी नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी व्यवस्था में मुख्य प्रांगण एवं ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का कवरेज उपलब्ध न होने पर इसे शीघ्र सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आउटसोर्सिंग कार्मिकों को कार्यालय अवधि के दौरान अपना पहचान-पत्र स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा नागरिकों को पारदर्शी, सुगम एवं भ्रष्टाचार-मुक्त सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण किए जा रहे हैं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













