2027 के चुनाव को लेकर संगठन की समीक्षा, प्रत्येक बूथ पर जीत का लक्ष्य निर्धारित
पुखरायां, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से रविवार को भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के कस्बा पुखरायां में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय लखनऊ से आए जालौन-गरौठा-भोगनीपुर के प्रभारी मधुर यादव ने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के संगठन की समीक्षा की और प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की।
मुख्य अतिथि मधुर यादव ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ अभी से कार्य करना होगा। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, सेक्टर प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी देनी होगी।
उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़कर संगठन का विस्तार किया जाए। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने तथा युवाओं को रोजगार के अवसर देने की बात भी कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
भोगनीपुर विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्ष पार्टी के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को तैयार हैं। सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को साथ लेकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा तथा सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय अखिलेश यादव जी को वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पहुंचकर कार्य करने में जुटेंगे।
बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बबलू राजा ने की, जबकि संचालन भोगनीपुर विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनाव की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव लाखन सिंह यादव, पूर्व विधायक दिलीप सिंह, कल्लू यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष वीर सेन यादव काशिफ खान, ओवैस दीवान, अबू हजारी, विधानसभा महासचिव मंजय यादव, नसरीन अख्तर, जियाउद्दीन हसन, आरिफ खान, सावरेन प्रधान, दानिश खान, प्रदेश सचिव अकील अहमद, वीरेन चौहान, अनिल पाल, अवनीश सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, सभी सेक्टर प्रभारी, जोन इंचार्ज तथा वीर सिंह, गुड्डू यादव, प्रदीप यादव, जगत सिंह यादव, वीरेंद्र यादव, राजबहादुर और दीपक यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।












