कानपुर देहात। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यन्त कुमार मौर्य ने अवगत कराया कि वर्तमान समय में चम्बल नदी के कैचमेंट एरिया में अत्यधिक वर्षा होने के कारण जनपद कानपुर देहात में प्रवाहित होने वाली यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है। सिंचाई विभाग, कानपुर देहात द्वारा अवगत कराया गया है कि यमुना नदी के जलस्तर में आज दिनांक 06 सितम्बर 2026 की सायंकाल से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
उक्त स्थिति के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को समस्त बाढ़ चौकियों को तत्काल सक्रिय करने तथा तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बाढ़ चौकियों पर चरणवार ड्यूटी लगाते हुए संबंधित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा इसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने समस्त राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीलदार एवं तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र के बाढ़ संभावित ग्रामों का निरंतर भ्रमण करने तथा स्थानीय स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स आपसी समन्वय बनाए रखें तथा उप जिलाधिकारी भोगनीपुर एवं सिकन्दरा तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) से निरंतर संपर्क में रहें।
अपर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
जनपद स्तर पर स्थापित ई०ओ०सी०/बाढ़ कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर:
टोल फ्री नंबर – 1077
मोबाइल नंबर – 9044070030, 9454416429
जिला प्रशासन द्वारा संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यक तैयारियां एवं निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।












