कानपुर देहात में मासिक अपराध गोष्ठी, पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था की समीक्षा की

कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों तथा शाखा एवं इकाई प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, महिला अपराध, साइबर अपराध और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाने तथा एंटी रोमियो टीमों को स्कूल, कॉलेज और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
बैठक में यातायात व्यवस्था सुधारने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आईजीआरएस और जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, ऑपरेशन कन्विक्शन के मामलों में प्रभावी पैरवी, लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याओं का सम्मानपूर्वक समाधान करने, नियमित पैदल और रात्रि गश्त बढ़ाने, भूमि विवादों में निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखना और शिकायतों का त्वरित निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें