कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत 11 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 245 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार ढंग से वाहन चलाएं। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













