चमारी और सरसोखी गौशालाओं में मिली बेहतर व्यवस्थाएं, पर्याप्त भूसा-चोकर व पशु आहार उपलब्ध
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद में संचालित निराश्रित गोवंश संरक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए ग्राम चमारी गौशाला एवं ग्राम सरसोखी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के रखरखाव, चारा-पानी, स्वच्छता तथा पशु स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गौशालाओं में पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर, खली एवं अन्य पशु आहार उपलब्ध पाया। गोवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार व्यवस्था तथा साफ-सफाई के निर्देश दिए।उन्होंने निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए गौशालाओं में पानी की उपलब्धता हर समय बनी रहे तथा पशुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने गौशालाओं में मौजूद गोवंशों की स्थिति का अवलोकन करते हुए पशु चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि गोवंश स्वस्थ एवं सुरक्षित रहें।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी आदि मौजूद रहे।









