झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था
कालपी जालौन – झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे 27 पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से उरई-बारा टोल प्लाजा के मध्य स्थित व्यस्ततम चौराहों एवं कटों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है। इस पहल से अनियंत्रित वाहनों की आवाजाही पर रोक लगेगी तथा हाईवे पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को सुरक्षित सफर मिल सकेगा। उक्त जानकारी परियोजना प्रमुख उत्तम सिंह व उरई-बारा परियोजना प्रबंधक इंगलेश शर्मा ने दी।
झांसी-कानपुर नेशनल हाईवेप्रदेश के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों में गिना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। हाईवे पर बने कई कट एवं चौराहे दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुके थे। कई बार वाहन चालक गलत दिशा से प्रवेश कर जाते थे, जिसके चलते सड़क हादसों की घटनाएं सामने आती रहती थीं। स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों द्वारा लगातार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग भी उठाई जा रही थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों का सर्वे कराया। सर्वे के बाद चिन्हित चौराहों एवं कटों पर मजबूत लोहे की रेलिंग लगाई गई है, ताकि वाहन निर्धारित दिशा से ही आवागमन करें और अचानक सड़क पार करने जैसी घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
परियोजना प्रमुख उत्तम सिंह व परियोजना प्रबंधक इंग्लेश शर्मा ने बताया कि एनएचएआई का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण कराना नहीं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर समय-समय पर सुरक्षा संबंधी कार्य कराए जाते हैं तथा भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
रेलिंग लगाए जाने के बाद स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों ने इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इससे हाईवे पर यातायात अधिक व्यवस्थित होगा और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा निर्धारित कटों का ही उपयोग करने की अपील भी की गई है।
आर. एन. शुक्ला पत्रकार










