नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी शिव बारात, 24 अप्रैल को भंडारे के साथ होगा कार्यक्रम का समापन
कालपी (जालौन)। कस्बा कालपी के मोहल्ला आलमपुर निवासी संजय कुमार सविता की देखरेख में 22 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक श्री शिव परिवार मूर्ति स्थापना, पूजन-पाठ एवं भंडारा कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अप्रैल को संजय कुमार सविता के आवास, मोहल्ला आलमपुर में श्री शिव परिवार की मूर्ति का पूजन-पाठ विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद 23 अप्रैल को अपराह्न लगभग 3 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें एक छोटा लोडर व डीजे शामिल रहेगा।
शोभायात्रा मां वनखंडी माता मंदिर के पास से प्रारंभ होकर टरननगंज तिराहा, श्री राम जानकी मंदिर, पोस्ट ऑफिस, मां दुर्गा माता सिद्ध वाहिनी मंदिर, मुन्ना फुल पावर चौराहा, सर्विस लाइन, गबदे हाउस, हरीगंज तिराहा, मां काली माता मंदिर होते हुए श्री पातालेश्वर मंदिर तक पहुंचेगी। इसके बाद पुनः वही मार्ग होते हुए टरननगंज तिराहा, आलमपुर तिराहा से हाईवे मार्ग से होकर गल्ला मंडी स्थित मां शीतला माता मंदिर के पास पहुंचेगी, जहां श्री शिव परिवार की मूर्ति स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न होगा।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 24 अप्रैल को अपराह्न लगभग 2 बजे से शाम तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
आयोजकों ने नगर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।







