कानपुर देहात – जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देश के क्रम में आज दिनांक 27.05.2026 को जनपद कानपुर देहात में संचालित औद्योगिक ईकाईयों में कार्यरत संविदाकारों की एक बैठक तहसील अकबरपुर सभागार में राम अशीष सहायक श्रमायुक्त कानपुर देहात एवं संजय गुप्ता पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के समक्ष सायं 05:00 बजे आहूत की गयी। बैठक में जनपद कानपुर देहात में श्रमिकों एवं सेवायोजकों के मध्य उत्पन्न गतिरोध के कारण एवं उसके समाधान के विषय पर चर्चा की गयी तथा उपस्थित संविदाकारों को न्यूनतम वेतन का शासनादेश दिनांक 17.04.2026 की प्रति एवं जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित 13 बिन्दुओं की अण्डरटेकिंग उपलब्ध करायी गयी। राम अशीष सहायक श्रमायुक्त द्वारा न्यूनतम वेतन का शासनानदेश दिनांक 17.04.2026 एवं नवीन श्रम संहिता में वर्णित विधिक व्यवस्था का विस्तार पूर्वक सभी को अवगत कराया गया। सहायक श्रमायुक्त द्वारा सभी संविदाकारों को अपने नियोजित श्रमिको को शासनादेश दिनांक 17.04.2026 के द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का 01 अप्रैल 2026 से भुगतान सुनिश्चित करने तथा आगामी माहों में भी इसी अनुरूप भुगतान करने के निर्देश दिये गये साथ ही 13 बिन्दुओं की अण्डरटेकिंग सभी को पढ़कर सुनाया गया। बैठक में उपस्थित संविदाकारों द्वारा यह आश्वसन दिया गया कि उनके द्वारा माह मई 2026 की मजदूरी का बढे दर से भुगतान किया जायेगा जिसके साथ माह अप्रैल 2026 के वेतन अन्तर का भुगतान भी एरियर के रूप मे कर दिया जायेगा साथ ही कुछ संविदाकारों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि उनके द्वारा माह अप्रैल 2026 के वेतन अंतर का भुगतान कर दिया गया है। बैठक में संजय गुप्ता पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) कानपुर देहात के द्वारा भी संविदाकारों से श्रम कानूनों का पालन करने की बात कही गई ताकि पुनः जनपद में किसी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो। संजय गुप्ता द्वारा यह भी बताया गया कि संविदाकार कारखाने के सेवायोजकों / मालिकों से सविदा करते समय न्यूनतम वेतन एवं अन्य श्रम कानूनों का अवश्य ध्यान रखें। बैठक में राजेश श्रीवास्तव श्रम प्रवर्तन अधिकारी, डेरापुर अरविन्द कुमार सोनकर श्रम प्रवर्तन अधिकारी पुखरायां कानपुर देहात तथा श्रम विभाग के कर्मचारियों के साथ जनपद कानपुर देहात में संचालित विभिन्न कारखानो के संविदाकार उपस्थित रहे।








