उरई जालौन – आज विकास भवन सभागार में मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनपद के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर माधौगढ़ विधायक मूल चन्द्र निरंजन, कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद सिंह चौहान, एमएलसी बाबूलाल तिवारी के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, विधायक सदर प्रतिनिधि रविंद्र सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक संतोष कुमार देव पाण्डेय, डीसी मनरेगा रामेंद्र कुशवाहा तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी चन्द्र प्रकाश सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अनुदेशक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए ₹17,000 मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदेश सरकार द्वारा अनुदेशकों के हित में लिए गए इस महत्वपूर्ण निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा अनुदेशकों का मनोबल बढ़ेगा।
माननीय विधायक मूल चन्द्र निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि सरकार की संवेदनशीलता एवं शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अनुदेशक बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और सरकार उनके हितों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शासन द्वारा मानदेय वृद्धि का निर्णय उनके कार्यों के प्रति सम्मान को दर्शाता है। उन्होंने सभी अनुदेशकों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित अतिथियों एवं अनुदेशकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।










