कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस और थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी यातायात, क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद एवं क्षेत्राधिकारी डेरापुर ने पुलिस बल के साथ 16 मई 2026 की रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की गई।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 1037 वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 53 वाहनों का चालान किया गया तथा 2 वाहनों को सीज कर दिया गया। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक अभियान लगातार जारी रहेंगे। वहीं जनपद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।











