सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर मिला त्वरित समाधान

 

 

खतौनी में नाम त्रुटि का तत्काल सुधार, फरियादियों को मिली बड़ी राहत

जालौन। तहसील उरई सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जनसुनवाई के दौरान ग्राम रंगोली निवासी कमलेश एवं मुलुपुरा निवासी श्रीराम ने खतौनी में नाम त्रुटिपूर्ण दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नाम संशोधन की कार्रवाई कराई और स्वयं अपने हाथों से संशोधित खतौनी दोनों फरियादियों को सौंपी। त्वरित कार्रवाई से फरियादियों ने प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें