कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य के द्वारा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्राप्त दावों की संबंधित अधिकारियों एवं आवेदकों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा की गई।
बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त दावों की स्थिति, पात्रता एवं लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। उपस्थित आवेदकों से उनके प्रकरणों के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के अंतर्गत दावों के निस्तारण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखते हुए पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप लाभ पहुंचाया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही, प्रत्येक पात्र प्रकरण का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर संबंधित उप जिला अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।









