किसानों को कुफरी बहार, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन एवं कुफरी चिप्सोना-1 प्रजातियों के बीज मिलेंगे निर्धारित दरों पर
कानपुर देहात। जिला उद्यान अधिकारी, कानपुर देहात डॉ बल्देव प्रसाद ने समस्त आलू उत्पादक किसानों को सूचित किया है कि उद्यान विभाग को आलू बीज की विभिन्न प्रजातियों का कुल 399 कुंतल आवंटन प्राप्त हुआ है। किसान अपनी मांग के अनुसार आलू बीज प्राप्त करने के लिए विभागीय ऑनलाइन पोर्टल www.potato.uphorticulture.in के माध्यम से प्रजातिवार बुकिंग करा सकते हैं।
आवंटित आलू बीज में कुफरी बहार (ओवर साइज) 50 कुंतल, कुफरी बहार (सीड साइज) 50 कुंतल, कुफरी सूर्या (सीड साइज) 50 कुंतल, कुफरी ख्याति (सीड साइज) 100 कुंतल, कुफरी ख्याति (ओवर साइज) 50 कुंतल, कुफरी मोहन (सीड साइज) 25 कुंतल, कुफरी मोहन (ओवर साइज) 25 कुंतल तथा कुफरी चिप्सोना-1 (सीड साइज) 49 कुंतल शामिल हैं।
आलू बीज की निर्धारित दरें श्रेणी के अनुसार आ०प्र० सीड साइज के लिए 3,630 रुपये प्रति कुंतल, आ०द्वि० सीड साइज के लिए 3,480 रुपये प्रति कुंतल तथा आ०प्र० ओवर साइज के लिए 3,040 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित हैं।
ऑनलाइन बुकिंग के लिए किसानों को विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, किसान का फोटो तथा भूमि संबंधी अभिलेख, खसरा एवं खतौनी आवश्यक होंगे। किसान पोर्टल पर अपनी मांग प्रजातिवार दर्ज कराकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आलू बीज प्राप्त कर सकते हैं।
ऑनलाइन बुकिंग एवं पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी के लिए किसान विकास भवन, माती, कानपुर देहात स्थित जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय के कक्ष संख्या 315 में रमेश चन्द्र कटियार, सहायक उद्यान निरीक्षक, मोबाइल नंबर 6392626116 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला उद्यान अधिकारी के मोबाइल नंबर 9151066898 पर संपर्क किया जा सकता है।










