कानपुर देहात। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने मंगलवार को अकबरपुर कस्बे और रनियां थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित रामलीला मैदान का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग, आवागमन के मार्गों और पुलिस बल की तैनाती की स्थिति देखी। उन्होंने आयोजन स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर सतर्कता और मुस्तैदी के साथ तैनात रहें। प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।









