उरई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 23 अगस्त को सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर लखनऊ में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के तुरंत बाद जिले में भी जिला एवं तहसील स्तर पर रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तर पर विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार, उरई में समारोह होगा। वहीं कोंच तहसील में बीआरसी कोंच, माधौगढ़ में तहसील सभागार माधौगढ़, जालौन में तहसील सभागार जालौन तथा कालपी में तहसील सभागार कालपी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
समारोह में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के साथ शिक्षकों और आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।












