जिलाधिकारी की पहल से राजकीय हाईस्कूल सरसेला, अजितापुर, छोट में विद्युत कनेक्शन तथा लामापुरा में पुस्तकालय की सुविधा शुरू
जालौन। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जालौन खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद एवं प्रबंध समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रम में राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुविधा एवं शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित ने बताया कि राजकीय हाईस्कूल सरसेला, अजितापुर एवं छोट में विद्युत कनेक्शन सहित अन्य संबंधित कार्यों के लिए 5,68,270 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालयों में विद्युत सुविधा उपलब्ध हो गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी तथा गर्मी में पंखे जैसी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं। इससे विद्यालयों में अध्ययन का वातावरण बेहतर होने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति एवं उपस्थिति को भी सकारात्मक बढ़ावा मिला है। इसी क्रम में राजकीय हाईस्कूल लामापुरा में हाईटेंशन लाइन की विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए 1,36,509 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय में पुस्तकालय निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त ज्ञानवर्धक पुस्तकों के अध्ययन का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित होने, शब्दावली एवं ज्ञान में वृद्धि तथा उनके शैक्षिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई गति मिलेगी। इन सुविधाओं के विस्तार से जनपद के राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक कदम आगे बढ़ा है। विद्युत एवं पुस्तकालय जैसी मूलभूत शैक्षिक सुविधाएं बच्चों को सीखने के बेहतर अवसर प्रदान करने के साथ ही उन्हें ज्ञान, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी।












