कानपुर देहात – महिला एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आंगनबाड़ी सेवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज विकास खंड सभागार, अकबरपुर में स्मार्टफोन एवं अन्य उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
राज्य परियोजना निदेशक, पोषण अभियान, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद को प्राप्त 139 स्मार्टफोनों का सत्यापन उपरांत वितरण किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश प्रतिभा शुक्ला द्वारा नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं एवं नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों की वृद्धि एवं विकास की नियमित निगरानी हेतु 84 स्टेडियोमीटर तथा 1504 इनफेंटोमीटर एवं वजन मशीनों का भी वितरण किया गया। इन उपकरणों के माध्यम से बच्चों की लंबाई, वजन एवं पोषण स्तर का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा, जिससे कुपोषण की रोकथाम एवं पोषण सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बाल विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। स्मार्टफोन एवं आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता से आंगनबाड़ी सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित जनपद के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन तथा पोषण अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी बल दिया गया।











