कानपुर देहात। गजनेर पुलिस ने नाबालिग से गैंगरेप के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अनिल सिंह के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी गजनेर भेजा गया। दूसरे आरोपी कालका प्रसाद को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को नाबालिग के साथ गैंगरेप के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। 9/10 सितंबर की सुबह सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को घेरने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में अनिल सिंह घायल हो गया और कालका प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कठेठी गांव निवासी अनिल सिंह और कालका प्रसाद के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 660 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप व पॉक्सो एक्ट के मुकदमे के साथ पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में भी कार्रवाई की गई है।











