कानपुर देहात में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कुल 341 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित वाहन चलाएं। पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।











