भाजपा नेत्री शारदा संखवार ने पेश की दावेदारी
गांव-गांव कर रहीं जनसंपर्क
रसूलाबाद कानपुर देहात – उत्तर प्रदेश में संभावित विधानसभा चुनावों की चर्चाओं के बीच रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है। चुनाव में अभी समय है, लेकिन समय से पहले चुनाव होने की अटकलों के बीच विभिन्न दलों के संभावित दावेदारों ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री शारदा संखवार ने भी रसूलाबाद विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है। लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहीं शारदा संखवार लगातार विधानसभा क्षेत्र के गांवों का दौरा कर जनसंपर्क कर रही हैं और लोगों की समस्याएं सुनने के साथ पार्टी की नीतियों को भी जन-जन तक पहुंचा रही हैं।
शारदा संखवार भाजपा संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुकी हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे राजनीतिक अनुभव के चलते उन्हें पार्टी का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मूल रूप से वह रसूलाबाद क्षेत्र के किशुनपुर कहिंजरी गांव की निवासी हैं, जिससे स्थानीय लोगों के बीच उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती है।
शारदा संखवार ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें रसूलाबाद विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह पूरी निष्ठा और ताकत के साथ चुनाव लड़कर सीट पार्टी की झोली में डालने का प्रयास करेंगी। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण एवं चौमुखी विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए जनता के बीच लगातार बने रहने का भरोसा भी जताया।
विधानसभा चुनाव की आहट के साथ रसूलाबाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। संभावित दावेदारों की सक्रियता से आने वाले दिनों में क्षेत्र का राजनीतिक माहौल और भी रोचक होने की संभावना है।











