नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन से पहले सपा नेता शेखू खान हाउस अरेस्ट

अकबरपुर कानपुर देहात – नीट पेपर लीक मामले तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव शेखू खान को पुलिस ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
बताया गया कि चौकी प्रभारी अकबरपुर पुलिस बल के साथ शेखू खान के आवास पहुंचे और उन्हें थाना अकबरपुर ले जाकर कुछ समय तक बैठाए रखा। इस दौरान समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बृजमोहन यादव तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य कल्लू यादव भी मौजूद रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार ‘बबलू राजा’ थाना अकबरपुर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को रोकने की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जनता और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक और छात्रों के साथ हुई घटनाओं को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा छात्र-हित और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें