कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह के निर्देशन में उप जिलाधिकारी सिकंदरा द्वारा संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर संभावित बाढ़ की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
उप जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वर्षा एवं जलभराव की स्थिति में बच्चों, बुजुर्गों तथा पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और जलमग्न क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें।
निरीक्षण के दौरान संभावित राहत शिविर स्थलों, सुरक्षित आवागमन मार्गों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का भी परीक्षण किया गया। उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ की संभावित परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभागों के समन्वय से राहत एवं बचाव संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं नियंत्रण कक्ष से संपर्क स्थापित करें, जिससे समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।










