कानपुर देहात। भूजल सप्ताह के अंतर्गत भूगर्भ जल विभाग एवं एच.एल. एग्रो फर्म के संयुक्त तत्वावधान में तहसील अकबरपुर के ग्राम बिलसरांया स्थित तालाब के किनारे वृक्षारोपण एवं तालाब की साफ-सफाई (श्रमदान) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल संसाधनों के सतत एवं विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तालाब, कुएं एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोत भूजल पुनर्भरण के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके संरक्षण एवं पुनर्जीवन से जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। साथ ही वर्षा जल संचयन को अपनाकर भूजल स्तर को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण, तालाबों के संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। भूजल सप्ताह के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जागरूकता एवं संरक्षण गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, ताकि आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जा सके।













