उरई। उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 12 सितम्बर 2026 को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित किये जाने हेतु न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्ग दर्शन में प्रोबेशन विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, कार्यक्रम विभाग, श्रम विभाग, जिला पंचायत, जी०एस०टी०, परिवहन एवं डाक विभाग, विद्युत, मत्स्य एवं कृषि के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। इसमें उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला जज मनाली चन्द्रा ने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि उच्चतम न्यायालय एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आगामी दिनांक 12 सितम्बर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला दीवानी न्यायालय उरई एवं वाह्य स्थित न्यायालयों में किया जाना है। इस राष्ट्रीय लोकअदालत के प्रचार-प्रसार एवं प्रीलिटिगेशन स्तर के मामलों के निस्तारण हेतु उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस सम्बन्ध में सभी विभागों के परिणामोन्मुखी व सार्थक प्रयासों की आवश्यकता है। इस पर सभी अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में जी०एस०टी० से असिस्टेंट कमिश्नर प्रमोद कुमार चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश यादव, ऋषभ पाण्डेय, अधिशासी अभियन्ता विद्युत पुष्पदेव, कृषि विभाग से अपर जिला कृषि अधिकारी पुष्कर दीक्षित, प्रोबेशन विभाग के प्रतिनिधि सुरेश कुमार, जिला पंचायत राज विभाग के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह, जिला पंचायत के प्रतिनिधि विनोद कुमार, भारत सिंह यादव, डाक विभाग के प्रतिनिधि हेमन्त शुक्ला, प्रवीण वाजपेयी, उ०प्र० राज्य सड़क परिवहन विभाग के प्रतिनिधि ब्रजेन्द्र कुमार आदि उपस्थित रहे।












