ग्राम टूंगा में विशंभर प्रसाद निषाद ने सरकार पर साधा निशाना, बोले—वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

 

शिक्षा, स्वास्थ्य, निजीकरण, किसान और रोजगार के मुद्दे उठाए; सपा जिलाध्यक्ष बबलू राजा व विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने भी रखे विचार

कानपुर देहात। ग्राम टूंगा में आयोजित समाजवादी पार्टी की जन पंचायत में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ नेता विशंभर प्रसाद निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, निजीकरण, किसान, रोजगार और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

अपने संबोधन में विशंभर प्रसाद निषाद ने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। जनता को अपने मताधिकार का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए, क्योंकि सही प्रतिनिधि का चुनाव क्षेत्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के वोट से बनती है, इसलिए जनता को सरकार से सवाल पूछने और जवाब मांगने का पूरा अधिकार है।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों और संसाधनों की स्थिति को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने सरकारी विद्यालयों के बंद अथवा विलय किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इसका असर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा पर पड़ता है।

स्वास्थ्य व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों पर निर्भर है, लेकिन पर्याप्त डॉक्टर और सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण गंभीर मरीजों को बड़े शहरों के लिए रेफर करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, दवाइयां और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

निजीकरण को लेकर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों और सेवाओं का लगातार निजीकरण होने से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि किसान लागत, फसल के उचित मूल्य, बिजली और सिंचाई सहित विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है। सरकार को किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान करना चाहिए।

सपा जिलाध्यक्ष बबलू राजा ने गिनाए विकास कार्य

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कानपुर देहात जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ‘बबलू राजा’ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए गए थे। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन वर्ष 2017 के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता को विकास के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगना चाहिए।

राघव अग्निहोत्री ने मुलायम सिंह यादव के कार्यों को किया याद

विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने कहा कि निषाद समाज के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान फूलन देवी जी को देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद तक पहुंचाने का कार्य किया गया, जिससे निषाद समाज सहित वंचित वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिला। उन्होंने आगे कहा कि 2026 में रुक्मणी निषाद को समाजवादी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को भी उन्होंने समाज के राजनीतिक सम्मान और भागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों को नेतृत्व में आगे बढ़ाने का काम किया है।

राघव अग्निहोत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा सामाजिक न्याय, समानता और सभी वर्गों की राजनीतिक भागीदारी पर आधारित है।

जन पंचायत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम के आयोजकों में अर्जुन निषाद, प्रदेश सचिव काशिफ खान, तारीख कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष गंगा यादव तथा कार्यक्रम आयोजक अकील खान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

जन पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने आगामी समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने तथा लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें