कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने महिला की मौत के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दत्तपुर निवासी बाबू सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि राजेन्द्र ने शराब के नशे में उनके और उनकी पत्नी इन्द्रानी देवी के साथ गाली-गलौज की थी। इसके बाद भैंस की मौत को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने उनकी पत्नी को पीछे से रिक्शे से टक्कर मार दी और रिक्शा आगे-पीछे कर कई बार टक्कर मारी।
घटना में गंभीर रूप से घायल इन्द्रानी देवी को पहले झींझक के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से अकबरपुर जिला अस्पताल और फिर कानपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 16 अगस्त 2026 को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में 4 सितंबर को राजेन्द्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वांछित आरोपी राजेन्द्र पुत्र सोनेलाल को 6 सितंबर को झींझक कस्बे में सहकारी संघ के सामने से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपी के खिलाफ मंगलपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।








