कानपुर देहात। सुरक्षित यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात पुलिस, थाना पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान मॉडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फर्जी नंबर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। रात 8 बजे से 11 बजे तक चली सघन चेकिंग में ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की गई।
कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 106 वाहनों का चालान किया गया तथा 10 लाख 90 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, मॉडिफाई साइलेंसर और अवैध हूटर का प्रयोग न करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।












