“एक पेड़ मां के नाम” और “आम बहार आपके द्वार” थीम के साथ जन-जन को पौधरोपण व संरक्षण का संदेश
जालौन। राज्य मंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश संजय सिंह गंगवार, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान एवं प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर वन विभाग के पांच प्रचार वाहनों को रवाना किया।ये प्रचार वाहन जनपद की सभी तहसीलों कालपी, कोंच, उरई, जालौन एवं माधौगढ़ में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। प्रचार वाहनों के माध्यम से “एक पेड़ मां के नाम” एवं “आम बहार आपके द्वार” थीम पर पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और पौधों की सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।प्रचार वाहनों से पर्यावरण से संबंधित गीतों, नारों और स्लोगन के माध्यम से लोगों को 12 जुलाई 2026 को वृहद वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान आमजन से अपील की गई कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।
राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। सभी लोग मिलकर जालौन को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-संतुलित बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।













