आस्था स्थल के विकास को नई उड़ान, वेदव्यास मंदिर में बनेगा आधुनिक रैन बसेरा
श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग राज्य सभा सांसद माननीय बाबूराम निषाद ने की पूरी
कालपी (जालौन)। धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व रखने वाले महर्षि वेदव्यास मंदिर परिसर के विकास को नई गति मिलने जा रही है। क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है कि राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद हमीरपुर द्वारा मंदिर परिसर में 20 लाख रुपये की लागत से रैन बसेरा (रात्रि आश्रय गृह) निर्माण की सौगात प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण पहल से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं जरूरतमंद यात्रियों को ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
महर्षि वेदव्यास मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां वर्ष भर धार्मिक कार्यक्रम, कथा, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न सामाजिक आयोजन होते रहते हैं। विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लंबे समय से स्थानीय लोगों एवं मंदिर समिति द्वारा रैन बसेरा निर्माण की मांग उठाई जा रही थी।
राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद हमीरपुर द्वारा 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि रैन बसेरा बनने से न केवल श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा, बल्कि मंदिर परिसर के समग्र विकास को भी बल मिलेगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की पहचान और अधिक मजबूत होगी।
ग्रामीणों एवं मंदिर से जुड़े लोगों ने राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौगात क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि रैन बसेरा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास की व्यवस्था उपलब्ध होगी। साथ ही धार्मिक आयोजनों में भाग लेने वाले लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने कहा कि महर्षि वेदव्यास मंदिर का विकास क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रैन बसेरा बनने से मंदिर परिसर की सुविधाओं में वृद्धि होगी और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर निर्धारित समय में पूरा होगा, जिससे आगामी धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठा सकें। राज्यसभा सांसद की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने जनहित एवं धर्महित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।
आर० एन० शुक्ला पत्रकार













