कानपुर देहात। महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया तथा बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मंगलपुर में एक महिला द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी डेरापुर के पर्यवेक्षण में थाना मंगलपुर पुलिस, सर्विलांस टीम एवं झींझक चौकी पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झींझक-रसूलाबाद मार्ग स्थित महाराजपुर मोड़ के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहिद, शाहरूख तथा वाहिद निवासी सुभाष नगर, झींझक के रूप में हुई है। पुलिस ने अपहृत बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।













