कानपुर देहात। उप जिलाधिकारी, अकबरपुर ने अवगत कराया है कि तहसील अकबरपुर, जनपद कानपुर देहात के अंतर्गत मत्स्य पालन हेतु उपयुक्त तालाबों के दस वर्षीय मत्स्य पालन पट्टा/आवंटन के लिए दिनांक 27 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे तहसील अकबरपुर स्थित ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में नीलामी शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन पट्टों का आवंटन उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा-61 तथा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली, 2016 के नियम 57 एवं 58 में निहित प्रावधानों के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। दस वर्षीय मत्स्य पालन पट्टे हेतु तालाबों की आरक्षित नीलामी दर 5,000 रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित की गई है।
नीलामी में प्रतिभाग करने वाले इच्छुक अभ्यर्थियों को नवीनतम आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। ये प्रमाण पत्र विज्ञापन की तिथि से छह माह से अधिक पुराने नहीं होने चाहिए। उन्होंने बताया कि शिविर में मत्स्यजीवी/मछुआ समुदाय के पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
उप जिलाधिकारी ने इच्छुक पात्र व्यक्तियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक अभिलेखों सहित नीलामी शिविर में उपस्थित होकर मत्स्य पालन पट्टा आवंटन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।













