सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, दिव्यांग को मिला बैटरी रिक्शा, पीड़िता को 112 सेवा का दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण

 

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनीं 126 शिकायतें, 32 का मौके पर निस्तारण; संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का दिखा प्रभाव

जालौन। तहसील जालौन सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। समाधान दिवस में कुल 126 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष प्रकरणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विकास खण्ड कुठौंद के ग्राम विचौली निवासी लगभग 80 प्रतिशत दिव्यांग हिमांशु कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह कक्षा 8 तक शिक्षा प्राप्त कर चुका है और आगे भी पढ़ाई जारी रखना चाहता है, लेकिन आवागमन के साधन के अभाव में उसे कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने उतर प्रदेश के  मुख्यमंत्री  की मंशा के अनुरूप तत्काल जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को निर्देशित कर बैटरी चालित रिक्शा उपलब्ध कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनें, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ें तथा समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत करें।सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक अन्य प्रकरण में सुखदेई देवी ने पारिवारिक विवाद से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें आपातकालीन स्थिति में यूपी-112 सेवा का उपयोग करने की सलाह दी। जब पीड़िता ने बताया कि उसे 112 सेवा का उपयोग करने की जानकारी नहीं है, तब पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही मुख्य विकास अधिकारी के मोबाइल फोन से 112 नंबर डायल कराकर स्वयं स्टेप-बाय-स्टेप पूरी प्रक्रिया समझाई। कॉल दर्ज होने के कुछ ही मिनटों में यूपी-112 पीआरवी मौके पर पहुंची और जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में पीड़िता की शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। इस दौरान पीड़िता को आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा के प्रभावी उपयोग का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में आमजन बिना किसी संकोच के यूपी-112 सहित अन्य पुलिस सेवाओं का उपयोग करें। पुलिस प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को आपातकालीन सेवाओं के प्रति जागरूक करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, ताकि संकट की घड़ी में उन्हें तत्काल सहायता मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार, उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी आदि जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें