संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं की हुई सुनवाई, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए गए निर्देश

कानपुर देहात। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मैथा में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला द्वारा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, उप जिलाधिकारी मैथा प्रतिभा मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की गई तथा उनके समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
राज्यमंत्री  प्रतिभा शुक्ला  ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। संपूर्ण समाधान दिवस शासन एवं प्रशासन के मध्य संवाद का एक सशक्त माध्यम है, जिसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्थलीय निरीक्षण एवं तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करें, जिससे शिकायतों का स्थायी एवं प्रभावी समाधान हो सके।
संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रेषित करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें