कानपुर देहात। थाना मंगलपुर पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मान सिंह (48) निवासी चन्दकुरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त अपनी पुत्री ज्योति की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की साजिश में शामिल था।
पुलिस के मुताबिक 12 जून 2026 को दर्ज मुकदमे में आरोप है कि ज्योति की हत्या कर शव को कार में ले जाकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया था। मामले में रेखा देवी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूछताछ में गिरफ्तार मान सिंह ने बताया कि घटना के समय वह रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर लौटने पर उसे पुत्री की मौत की जानकारी मिली। उसके अनुसार पुत्र मिलन और पुत्रवधु रेखा ने ज्योति की हत्या की थी। बाद में शव को दरी में लपेटकर कार से सेंगुर नदी में ले जाकर फेंक दिया गया। पुलिस का कहना है कि अभियुक्त के बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
मंगलपुर पुलिस ने मान सिंह को औरंगाबाद मोड़ स्थित बाबा मजार के पास से गिरफ्तार किया। मामले के अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










