बेटी की हत्या के मामले में वांछित आरोपी मान सिंह गिरफ्तार

मंगलपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हत्या के बाद शव सेंगुर नदी में फेंकने का आरोप

कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में वांछित आरोपी मान सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पुत्री ज्योति की हत्या के मामले में नामजद था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 12 जून 2026 को थाना मंगलपुर में दर्ज मुकदमे के अनुसार ज्योति की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से कार में ले जाकर सेंगुर नदी में फेंक दिया गया था। मामले में रेखा देवी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने मंगलवार को औरंगाबाद मोड़ स्थित बाबा मजार के पास से आरोपी मान सिंह (48) निवासी ग्राम चन्दकुरा, थाना मंगलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 जून को उसे सूचना मिली थी कि उसकी पुत्री ज्योति ने फांसी लगा ली है। घर पहुंचने पर उसने पुत्रवधू रेखा और छोटे पुत्र मिलन को शव के पास पाया। आरोपी का आरोप है कि दोनों ने मिलकर ज्योति की हत्या की थी। इसके बाद मिलन ने उसे धमकाते हुए शव को ठिकाने लगाने में सहयोग करने के लिए मजबूर किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि ज्योति के शव को दरी में लपेटकर एक कार से सेंगुर नदी ले जाया गया और वहां शव को नदी में फेंक दिया गया। बाद में शव बरामद होने पर सभी आरोपी फरार हो गए थे।
मंगलपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें