कानपुर देहात। जिले में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला संख्या-257 का आयोजन एक शहरी एवं 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मेले में कुल 1826 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जिनमें 864 पुरुष, 761 महिलाएं और 201 बच्चे शामिल रहे। सभी मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, जांच एवं दवा वितरण किया गया।
मेले में 61 चिकित्सकों और 132 पैरामेडिकल कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। 706 लोगों की कोविड जांच की गई, जिनकी सभी रिपोर्ट नेगेटिव आईं। वहीं 39 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 169 बुखार, 108 सर्दी-जुकाम, 169 पेट रोग, 196 त्वचा रोग, 45 एनीमिया, 76 मधुमेह तथा 62 उच्च रक्तचाप के मरीज पाए गए।
महिला स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 37 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई तथा 5 संभावित टीबी मरीजों को चिह्नित किया गया। मेले में 185 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई और 161 लोगों को तंबाकू सेवन छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया। गंभीर स्थिति वाले 11 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रेफर किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीका अवश्य लगवाने की अपील की है। यह टीका जिला महिला चिकित्सालय अटबरपुर सहित जिले के विभिन्न सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर उपलब्ध है।









