रसूलाबाद। कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौहा नौगांव में आयोजित साईं दरबार मंदिर की भागवत कथा के समापन के बाद श्रद्धालु दंडकांधो लेकर गंगा स्नान के लिए अरौल जा रहे थे। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए दो पिकअप गाड़ियां लगाई गई थीं। बताया गया कि एक पिकअप में युवक सवार थे, जबकि दूसरी पिकअप में महिलाएं, युवतियां और छोटे बच्चे बैठे थे। जैसे ही गाड़ी कुरंगना गांव के पास पहुंची, तभी महिलाओं और बच्चों से भरी पिकअप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धू कर जलने लगी। घटना के दौरान चीख-पुकार मच गई, लेकिन गनीमत रही कि सभी महिलाएं, बच्चियां और छोटे बच्चे समय रहते वाहन से उतर गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जताई जा रही है।









