कानपुर। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर तीर्थनगरी बिठूर ब्रह्मावर्त के प्रमुख गंगा घाटों पर सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।
भोर से शुरू हुई श्रद्धालुओं की भीड़ दिन चढ़ने के साथ लगातार बढ़ती गई। घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं अत्यधिक भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। जाम और अव्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लोगों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ी, जिससे परेशानी और बढ़ गई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा और उन्होंने श्रद्धापूर्वक गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।









