कानपुर देहात 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) एवं योग सप्ताह (15 जून से 21 जून 2026) के आयोजन के क्रम में कानपुर देहात में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 50 शैय्या एकीकृत आयुष चिकित्सालय, शुक्ला तालाब तथा जनपद की समस्त तहसीलों पर किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। योग सप्ताह का शुभारंभ माननीय सदस्य विधान परिषद अरुण पाठक द्वारा किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, जिला होम्योपैथिक मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजश्री एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, गैर सरकारी संस्थानों के नर्सिंग स्टाफ, योग संस्था ब्रह्मकुमारी एवं एनसीसी के सहयोग से योग सप्ताह कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य भी उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में योग विषयक जन-जागरूकता रैली एवं सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया। साथ ही माननीय सदस्य विधान परिषद द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। दोपहर सत्र में योग संगोष्ठी आयोजित कर योग के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व पर चर्चा की गई। अपने संबोधन में सदस्य विधान परिषद अरुण पाठक ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन एवं स्वस्थ जीवन शैली का माध्यम है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से प्रतिदिन योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा मानसिक एवं व्यक्तिगत विकास हेतु योग अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवम सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर योग नोडल अधिकारी डॉ. पवन सिंह, चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. बृजेश आर्य, डॉ. आफताब आलम, डॉ. अमर सिंह, डॉ. रविंद्र सिंह सहित अन्य चिकित्साधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनपद की समस्त तहसीलों पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में योग सप्ताह शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग सत्र में पंजीकरण हेतु प्रतिभागियों को आयुष मंत्रालय द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 18003157008 के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई।









