जिला स्तरीय धरती माता बचाओ निगरानी समिति/उर्वरक निगरानी समिति की बैठक

 

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति एवं धरती माता बचाओ अभियान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उर्वरकों के अत्यधिक एवं असंतुलित प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अनियंत्रित उपयोग से मृदा की गुणवत्ता प्रभावित होती है, इसलिए किसानों को संतुलित एवं वैज्ञानिक पद्धति से उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरकों के अवैध परिसंचालन, जमाखोरी, कालाबाजारी एवं ओवर-रेटिंग की रोकथाम हेतु नियमित निरीक्षण एवं सघन प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उर्वरक विक्रय केंद्रों पर निर्धारित दरों एवं स्टॉक की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उर्वरक वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि किसानों को समय पर एवं निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को किसानों के बीच मृदा परीक्षण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में धरती माता बचाओ अभियान के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने हेतु विभिन्न कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की आय वृद्धि एवं कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए प्राकृतिक खेती एवं जैविक विकल्पों को बढ़ावा देना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करें।
बैठक में उप कृषि निदेशक हरीशंकर भार्गव, जिला कृषि अधिकारी प्राची पाण्डेय, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे, तथा जनपद के थोक उर्वरक विक्रेता एवं कम्पनी प्रतिनिधियो द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें