कानपुर देहात। पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन ‘वामा सारथी’ के तत्वावधान में पुलिस लाइन के बच्चों के लिए जैनपुर स्थित अमूल फैक्ट्री का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक उद्योगों की कार्यप्रणाली और स्टार्टअप संस्कृति से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को दुग्ध प्रसंस्करण, ऑटोमैटिक पैकेजिंग और गुणवत्ता नियंत्रण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। फैक्ट्री विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया कि कैसे एक छोटा आइडिया बड़े स्टार्टअप और सफल व्यवसाय में बदल सकता है।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग और करियर से जुड़े कई सवाल पूछे और पूरे कार्यक्रम में उत्साह दिखाया।
वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की भावना विकसित करते हैं, जिससे वे भविष्य में नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन सकें।








