कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में 17 मई की रात 8 बजे से 11 बजे तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की।
अभियान के दौरान कुल 1,675 वाहनों की जांच की गई, जिनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 757 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही करीब 70 लाख रुपये का सम्मन शुल्क वसूला गया।
नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए नशे में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।








