रातभर चला सड़क सुरक्षा अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

 

डीएम-एसपी के निर्देशन में टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग, थके चालकों को आराम के बाद ही यात्रा की सलाह

एडीजी यातायात उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद जालौन में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार रात्रि विशेष सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न टोल प्लाजा पर देर रात तक सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जो चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, उनके वाहनों को तत्काल साइड में खड़ा कराते हुए मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात पुलिस ने लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को विशेष रूप से जागरूक करते हुए कहा कि लगातार वाहन चलाने के बजाय बीच-बीच में विश्राम अवश्य करें। नींद, थकान या अस्वस्थता की स्थिति में वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर आराम करने के बाद ही आगे की यात्रा करें। अभियान के दौरान सीट बेल्ट एवं हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सुरक्षित ड्राइविंग से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इस दौरान मुख्य आरक्षी सुभाष कुमार, मुख्य आरक्षी अजीत कुमार, आरक्षी विवेकानंद सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें