रसूलाबाद कानपुर देहात। ग्राम पंचायत माल का पुरवा में पंचायत उत्सव भवन व बारातशाला के लिए प्रस्तावित सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ गया है। ग्राम प्रधान सीमा देवी पत्नी शिवमंगल ने तहसील दिवस में प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान सीमा देवी के अनुसार गाटा संख्या 2737, रकबा 0.506 हेक्टेयर भूमि पंचायत भवन हेतु प्रस्तावित है। आरोप है कि गांव के ही रमेश चंद्र पुत्र राम भरोसे ने अपनी पुत्रवधू संगीता पत्नी ओमजीत के साथ मिलकर उक्त भूमि पर झोपड़ी रखकर कब्जा कर लिया है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि जब प्रधान प्रतिनिधि ने मौके पर जाकर विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और छेड़खानी के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। ग्राम प्रधान ने एसडीएम रसूलाबाद से महिला पुलिस बल के साथ मौके पर टीम भेजकर अवैध कब्जा हटवाने और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।











