शिवली कानपुर देहात। तहसील क्षेत्र के झम्मानेवादा गांव में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक झोपड़ी में लगी आग से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। अचानक लगी आग की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग़ पर काबू पाया। लेकिन तब तक आग ने पास में ही स्थित पशुबाड़े को भी चपेट में ले लिया। आग़ लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने जांच कर रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को सौंप दी है।
मैथा तहसील क्षेत्र की ग्राम सभा ढाकन शिवली के मजरा झम्मानिवादा निवासी आरिफ पुत्र चांद बाबू ने बताया कि घर के बाहरी हिस्से में झोपड़ी डालकर वह अपनी पत्नी उजमा और बच्चों के साथ रहता है। सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के सभी लोग अपने कार्यों में व्यस्त थे कि तभी उसके आवास में अज्ञात कारणों से छप्पर से आग की तेज लपटे निकलने लगी। जब तक वह लोग कुछ समझ पाए आग ने देखते ही देखते विकराल रूप बना लिया और घर के पास ही रामबालक पुत्र शिवनारायण के पशुबाड़े को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटे उठते देख आसपास के ग्रामीण भाग कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर तो काबू पा लिया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और आग ने गृहस्थी का सामान जलाकर राख कर दिया। आरिफ ने बताया कि वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है आग से सोलर पैनल,बैटरा, 25000 रुपए नगद तथा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया जबकि रामबालक के यहां मामूली रूप से क्षति हुई। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल नितिन वाजपेई को दी। लेखपाल ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया तथा क्षति आकलन करके रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी।
तहसीलदार सुनील कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। लेखपाल को मौके पर भेजा गया है प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।











