कानपुर देहात। अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 10 जनवरी 2026 को थाना शिवली क्षेत्र में दो अभियुक्तों मो. जुबेर अंसारी और आसिफ को 100 किलो गोमांस के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे गोमांस को औरैया के बिधुना क्षेत्र से लाकर कानपुर में बेचने जा रहे थे। मामले में कल्लू कुरैशी, जुनैद तथा एक अज्ञात मोबाइल धारक का नाम भी सामने आया था।
इस मामले में थाना शिवली पर गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मोबाइल नंबर के आधार पर राजू बंजारा पुत्र लालाराम निवासी ग्राम रामपुर रामसहाय थाना अछल्दा जनपद औरैया का नाम प्रकाश में आया। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
थाना शिवली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 13 मई 2026 को भेवान नहर पुल से केशरी निवादा जाने वाले मार्ग के पास से अभियुक्त राजू बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।












