समीक्षा बैठक में, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जताया संतोष
जालौन कुलजीत सिंह (दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री), प्रभारी एवं सदस्य, कृषक समृद्धि आयोग उ०प्र० शासन, लखनऊ ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में संचालित योजनाओं की प्रगति का गहन अवलोकन किया। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए समन्वित प्रयासों की सराहना की और कहा कि जनपद में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी रूप से किया जा रहा है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ मिल रहा है। राज्यमंत्री ने सहकारिता, पशुधन, मत्स्य, उद्यान, रेशम, ऊर्जा, सिंचाई, लघु सिंचाई, वन तथा खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए इन विभागों की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, और जनपद में इनका क्रियान्वयन एक सकारात्मक उदाहरण के रूप में उभर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखते हुए अधिक से अधिक किसानों और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर मा० राज्यमंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कृषक समृद्धि के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक एस के उत्तम, डीएचओ परवेज खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












